---Advertisement---

संपूर्ण समाधान दिवस में 28 शिकायतें, महज चार का मौके पर निस्तारण

कैराना तहसील में एडीएम ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, भूमि विवाद की शिकायतों की रही भरमार

On: October 18, 2026 4:29 PM
---Advertisement---

HIGHLIGHTS

- जमीन की पैमाइश, सीमांकन और अवैध कब्जों के मामलों को लेकर पहुंचे फरियादी।
- एडीएम ने अधिकारियों को दिए निष्पक्ष जांच और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

कैराना। तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की शिकायतों का अंबार लगा रहा। नगर और ग्रामीण क्षेत्रों से अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचे लोगों ने अधिकारियों के समक्ष 28 शिकायतें दर्ज कराईं। इनमें सर्वाधिक मामले भूमि विवाद से संबंधित रहे। हालांकि, मौके पर महज चार शिकायतों का ही निस्तारण हो सका, जबकि शेष 24 शिकायतें संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए सौंप दी गईं। एडीएम सत्येंद्र कुमार ने अधिकारियों को शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शनिवार को कैराना तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन एडीएम सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान नगर के विभिन्न मोहल्लों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने एक-एक कर शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में भूमि विवाद से जुड़ी शिकायतों की भरमार रही। फरियादियों ने जमीन की पैमाइश, सीमांकन, अवैध कब्जे और आपसी विवाद से संबंधित मामले अधिकारियों के सामने उठाए। एडीएम ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को ऐसे मामलों की गंभीरता से जांच करने और नियमानुसार समाधान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए तथा प्रत्येक मामले में निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

समाधान दिवस में कुल 28 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से चार का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष 24 शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर एसडीएम शिवाजी यादव, तहसीलदार अर्जुन चौहान, नायब तहसीलदार आकाश चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Sudhir Chaudhary

निर्भीक दृष्टि, निष्पक्ष विचार, सच की बुलंद आवाज़। संकल्प - जनहित सर्वोपरि, अन्याय से संघर्ष। ‘सत्यमेव जयते’ - सत्य का साहस, सम्मान का संकल्प, अस्तित्व की जंग।

error: Content is protected !!