- झिंझाना पुलिस ने तीन शातिर वाहन चोरों को किया गिरफ्तार , चोरी की 14 बाइकें बरामद
- एसपी ने पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता कर चोरों की गिरफ्तारी की दी जानकारी
शामली। झिंझाना पुलिस ने अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का खुलासा करते हुए तीन वाहन चोरों को गिरफ्तार कर दिल्ली, हरियाणा व उत्तर प्रदेश से चोरी की गयी 14 बाइकें बरामद की है।
गुरुवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी एनपी सिंह ने बताया कि झिंझाना पुलिस ने अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। एसपी ने बताया कि झिंझाना थाना प्रभारी वीरेन्द्र कसाना व उनकी टीम संत निरंकारी आश्रम के सामने ऊन-थानाभवन मार्ग पर चेकिंग कर रही थी, इसी दौरान बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवकों को पुलिस ने रोक लिया। जब उनसे बाइक के कागजात मांगे गए तो वे कागजात नहीं दिखा पाए जिसके बाद पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ करने पर युवकों ने अपने नाम इंतजार पुत्र मुन्तयाज निवासी मौहल्ला खैल थाना कांधला, रामसेवक उर्फ बबलू पुत्र ज्ञाना निवासी गांव खानपुर कलां थाना झिंझाना व इरफान पुत्र मेहन्दा निवासी गांव पावटी कलां थाना झिंझाना बताए। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर ऊन-थानाभवन रोड पर बंद पडे एक भट्टे से चोरी की 13 अन्य बाइकें भी बरामद कर ली। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार शातिर अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के सदस्य हैं। एक आरोपित मुर्सलीन उर्फ बटे फरार है जिसकी तलाश की जा रही है। चोरों से बरामद बाइकंे दिल्ली, हरियाणा व उत्तर प्रदेश से चोरी की गयी है। चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

मास्टर चाबी का प्रयोग कर खोलते थे लॉक
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि गिरफ्तार शातिर चोर मास्टर चाबी का प्रयोग कर बाइकों का लॉक खोल लेते थे। चोरों ने योजना बनाकर दिल्ली, हरियाणा व उत्तर प्रदेश के कई स्थानों से बाइक चोरी की घटनाएं की है। उक्त चोर बाइकोें को उत्तराखंड में बेच देते थे तथा रुपयों को आपस में बांट लेते थे। चोरों ने चोरी की गयी बाइकों को अलग अलग स्थानों पर छिपाकर रखते थे, बरामद की गयी बाइकों को भी ऊन-थानाभवन रोड पर बंद पडे भट्टे में छिपाकर रखा गया था।
