शामली। क्षेत्र के गांव कंडेला क्षेत्र स्थित निकिता ग्राइंडटेक रिसाइकलिंग लिमिटेड और आसपास की इकाइयों से कथित जल एवं वायु प्रदूषण की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि इकाई के खिलाफ कार्रवाई न हुई तो वे आंदोलन शुरू कर देंगे।
जानकारी के अनुसार बुधवार को क्षेत्र के गांव कंडेला के ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि कंडेला क्षेत्र स्थित निकिता ग्राइंडटेक रिसाइकलिंग लिमिटेड और आसपास की इकाइयों से कथित जल एवं वायु प्रदूषण की समस्या बढ रही है। इकाइयों से निकलने वाले कथित काले धुए.दूषित पानी और अन्य प्रदूषणकारी तत्वों के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में पहले भी तीन बार शिकायती पत्र दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या का प्रभावी समाधान नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित इकाइयों का प्रदूषण नियंत्रण विभाग की टीम से निरीक्षण कराया जाए और पानी के नमूने लेकर मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में जांच कराई जाए। साथ ही वायु प्रदूषण, धुएं और रात के समय होने वाले संभावित उत्सर्जन की भी जांच कराने की मांग की गई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि 20 अक्टूबर तक शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई और समस्या के समाधान की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो वे संबंधित इकाई के सामने अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे।






