---Advertisement---

शामली में अवैध पटाखों का जखीरा बरामद, 21 कार्टन आतिशबाजी के साथ एक गिरफ्तार

गांधी चौक के निकट किराये के मकान में किया था पटाखों का अवैध भंडारण, एसपी के निर्देश पर पुलिस की कार्रवाई, सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू

On: October 21, 2026 5:53 PM
---Advertisement---

शामली। शहर में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण करने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली पुलिस ने शिव मूर्ति गांधी चौक के निकट एक किराये के मकान पर कार्रवाई करते हुए विभिन्न प्रकार के पटाखों और सुतली बमों से भरे 21 कार्टन बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में आतिशबाजी कहां से लाई गई और इसकी आपूर्ति किन लोगों को की जानी थी।

पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर की रात पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर अवैध पटाखों की बिक्री एवं भंडारण के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नगर जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने शिव मूर्ति गांधी चौक स्थित किराये के मकान पर कार्रवाई की। इस दौरान मकान से विभिन्न प्रकार के पटाखों के 21 कार्टन बरामद हुए। पुलिस ने वहां रहने वाले सिद्धार्थ पुत्र विपिन को गिरफ्तार कर लिया।

पटाखों की सप्लाई और खरीद के स्रोत खंगाल रही पुलिस

क्षेत्राधिकारी नगर जितेंद्र सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान सिद्धार्थ के कब्जे से करीब 21 कार्टन अवैध पटाखे, सुतली बम एवं अन्य आतिशबाजी बरामद की गई है। आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि मामले में फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक की जांच भी की जा रही है, ताकि पटाखों की खरीद, भंडारण और संभावित आपूर्ति से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा सके।

आठ सदस्यीय पुलिस टीम ने की कार्रवाई

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शैलेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल राहुल त्यागी, भगत भाटी, सुमित कुमार, विकास चपराणा, अमित कुमार तथा कांस्टेबल शादाब और रोहित शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, अवैध आतिशबाजी की बरामदगी के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Sudhir Chaudhary

निर्भीक दृष्टि, निष्पक्ष विचार, सच की बुलंद आवाज़। संकल्प - जनहित सर्वोपरि, अन्याय से संघर्ष। ‘सत्यमेव जयते’ - सत्य का साहस, सम्मान का संकल्प, अस्तित्व की जंग।

error: Content is protected !!