शामली। हौसले बुलंद हों और मंजिल पाने का जुनून हो, तो सफलता कदम चूमती है। इसे सच कर दिखाया है शामली की होनहार छात्रा माही मलिक ने। सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की छात्रा माही ने मुरादाबाद में आयोजित 38वीं प्रांतीय खेलकूद प्रतियोगिता में भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय और जनपद का नाम रोशन किया है। बुधवार को विद्यालय पहुंचने पर स्वर्ण पदक विजेता छात्रा का भव्य स्वागत किया गया। विद्यालय परिवार ने उसकी उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जानकारी के अनुसार, मुरादाबाद के मंगूपुरा स्थित कृष्ण बाल विद्यालय मंदिर इंटर कॉलेज में 38वीं प्रांतीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें शामली के सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की छात्रा माही मलिक ने जैवलिन थ्रो (भाला फेंक) स्पर्धा में प्रतिभाग किया। माही ने अपनी खेल प्रतिभा और शानदार प्रदर्शन के बल पर प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
विद्यालय पहुंचने पर माही का भव्य स्वागत
बुधवार को स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय पहुंचीं माही मलिक का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। विद्यालय प्रशासन ने उन्हें स्मृति चिह्न, पदक और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान उनकी उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त की।
मेहनत और अनुशासन से मिली सफलता : प्रधानाचार्य
प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार ने माही की सफलता की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से यह मुकाम हासिल किया है। यह पूरे विद्यालय परिवार और क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रशासन छात्राओं की खेल प्रतिभा को निखारने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करता रहेगा।
अब राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने का लक्ष्य
स्वर्ण पदक विजेता माही मलिक ने अपनी सफलता का श्रेय खेल प्रशिक्षकों, माता-पिता के सहयोग और विद्यालय परिवार के प्रोत्साहन को दिया। उन्होंने कहा कि उनका अगला लक्ष्य राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और प्रदेश का नाम रोशन करना है। माही की इस उपलब्धि ने अन्य छात्राओं को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है।






