शामली। आदर्श मंडी थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर दो दुकानों में हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने दोनों वारदातों में संलिप्तता के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से ग्राइंडर, ट्रक का जैक, लोहे की कटर मशीन और वेल्डिंग नोजल बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस की ओर से आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आदर्श मंडी थाना क्षेत्र में किरोड़ी बस स्टैंड के निकट स्थित गणपति कन्फेक्शनरी की दुकान में 21 व 22 अगस्त 2026 की रात चोरी की घटना हुई थी। दुकान संचालक दीपक पुत्र हरबीर निवासी गांव ताजपुर सिम्भालका, थाना कोतवाली शामली की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था।
वहीं, 21 व 22 अक्टूबर की रात आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के एसटी तिराहे के पास स्थित वेल्डिंग की दुकान में भी चोरी की वारदात हुई थी। इस मामले में दुकान संचालक साजिम उर्फ रिहान पुत्र याकूब निवासी मोहल्ला पंसारियान, शामली की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
दोनों घटनाओं के बाद पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने आदर्श मंडी थाना पुलिस को वारदातों का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में गुरुवार को अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में आदर्श मंडी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नदीम पुत्र महफूज और अयान पुत्र नाजिम निवासी बड़ी माता मंदिर के पास, थाना कोतवाली शामली के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से एक नीले रंग का ग्राइंडर ब्लेड सहित, एक ट्रक का जैक, एक लोहे की कटर मशीन और एक वेल्डिंग नोजल बरामद किया गया है।
पुलिस ने बताया कि दोनों चोरी की घटनाओं के संबंध में पहले से मुकदमे दर्ज थे। गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दीपचंद, हेड कांस्टेबल संजीव कुमार और हेड कांस्टेबल शौकिन्द्र सिंह शामिल रहे।






