कांधला। कस्बे के बिजलीघर मार्ग पर पड़ोसी विवाद के चलते मां-बेटी के साथ बेल्ट और लाठी-डंडों से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पड़ोसी परिवार के चार सदस्यों पर हमला करने का आरोप लगाते हुए कांधला थाने में तहरीर दी है। पीड़िता के अनुसार, मारपीट में वह और उसकी बेटी घायल हो गईं। घटना के बाद दोनों ने अपना मेडिकल परीक्षण कराया और पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कांधला कस्बे के बिजलीघर मार्ग निवासी शहीदा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि उनके साथ बेल्ट और लाठी-डंडों से मारपीट की गई।
शहीदा के अनुसार, मारपीट के दौरान चीख-पुकार सुनकर उनकी बेटी अरीबीना बीच-बचाव करने पहुंची। आरोप है कि हमलावरों ने उसे भी नहीं बख्शा और उसके साथ भी मारपीट की। पीड़िता ने बताया कि घटना में मां-बेटी दोनों घायल हो गईं।
घटना के बाद पीड़िताओं ने अपना चिकित्सकीय परीक्षण कराया। इसके बाद कांधला थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी और आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। पीड़िता ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।
इस संबंध में कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि पीड़िता की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






