---Advertisement---

बाइक सवार भाई-बहन पर धारदार हथियारों से हमला, युवक गंभीर

रामड़ा रोड पर दर्जनभर हमलावरों ने घेरकर बरसाए लाठी-डंडे, लोहे की रॉड से सिर पर वार; फायरिंग का भी आरोप

On: October 20, 2026 1:59 PM
---Advertisement---

HIGHLIGHTS

- रिश्तेदारी में दावत खाकर घर लौट रहे थे भाई-बहन, रास्ते में रोकने का किया प्रयास

- हमलावरों से बचने के प्रयास में अनियंत्रित होकर गिरी बाइक, दोनों भाई-बहन घायल

- शोर सुनकर जुटी भीड़ ने दो संदिग्ध हमलावरों को पकड़कर पीटा, मारपीट का वीडियो वायरल

- गंभीर हालत में युवक हायर सेंटर रेफर, पुलिस मामले की जांच में जुटी

कैराना। रिश्तेदारी में दावत खाकर बाइक से घर लौट रहे भाई-बहन पर रामड़ा रोड पर करीब दर्जनभर लोगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने युवक के सिर पर लोहे की रॉड से वार करने के साथ ही तमंचे से फायरिंग भी की। हमले में भाई गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी बहन को भी चोटें आईं। शोर-शराबा सुनकर मौके पर जुटे लोगों ने दो संदिग्ध हमलावरों को पकड़कर उनकी पिटाई कर दी। मारपीट का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। घायल युवक को गंभीर हालत के चलते हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

सोमवार शाम नगर के मोहल्ला खेलकलां निवासी सरफराज अपनी बड़ी बहन के यहां गांव रामड़ा में दावत खाने गया था। वहां से वह अपनी छोटी बहन सुमाइला को बाइक पर बैठाकर वापस कैराना लौट रहा था। आरोप है कि रामड़ा रोड पर करीब एक दर्जन लोगों ने उसकी बाइक रोकने का प्रयास किया। हमलावरों से बचने के लिए सरफराज ने बाइक की रफ्तार बढ़ाई, लेकिन इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।

लोहे की रॉड से सिर पर वार, फायरिंग का भी आरोप

आरोप है कि बाइक गिरते ही हमलावरों ने सरफराज को घेर लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान उसके सिर पर लोहे की रॉड से वार किया गया। धारदार हथियारों से भी हमला किया गया। हमले में सरफराज गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बीच-बचाव और घटनाक्रम के दौरान उसकी बहन सुमाइला को भी चोटें आईं। आरोपियों पर तमंचे से फायरिंग करने का भी आरोप लगाया गया है।

भीड़ ने दो संदिग्ध हमलावरों को पकड़कर पीटा

घटना के दौरान शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। लोगों को आता देखकर हमलावर भागने लगे। बताया गया है कि भीड़ ने दो संदिग्ध हमलावरों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। इस घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

गंभीर हालत में युवक हायर सेंटर रेफर

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल भाई-बहन को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने सरफराज की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना के बाद हमलावरों की पहचान और हमले के कारणों को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि मामले में अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Sudhir Chaudhary

निर्भीक दृष्टि, निष्पक्ष विचार, सच की बुलंद आवाज़। संकल्प - जनहित सर्वोपरि, अन्याय से संघर्ष। ‘सत्यमेव जयते’ - सत्य का साहस, सम्मान का संकल्प, अस्तित्व की जंग।

error: Content is protected !!