
कैराना। नेशनल हाईवे 709 एडी पर बुधवार दोपहर भीषण सड़क हादसे में स्कॉर्पियो सवार कंबल फैक्ट्री मालिक समेत दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर घायल हो गए। पांचवां युवक सुरक्षित बच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अनियंत्रित स्कॉर्पियो करीब 100 मीटर तक डिवाइडर पर चलने के बाद अगले पहिये के टूटने से कई बार पलटी और काफी दूर तक घिसटती चली गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि गाड़ी के सवार सड़क पर दूर जा गिरे और स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

बुधवार दोपहर करीब 12 बजे पानीपत से पांच युवक स्कॉर्पियो में हरिद्वार जा रहे थे। कैराना के पानीपत अंडरपास के ऊपर गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डिवाइडर पर काफी दूर चलने के बाद अगला पहिया क्षतिग्रस्त होकर टूट गया, जिससे गाड़ी कई बार पलटते हुए हाईवे की दूसरी दिशा में पहुंच गई।

फैक्ट्री मालिक समेत दो की मौत, दो गंभीर
हादसे में स्कॉर्पियो चालक 45 वर्षीय संदीप पुत्र सतबीर निवासी शहरमालपुर की मौत हो गई। संदीप की पानीपत में स्वयं की कंबल फैक्ट्री थी। वहीं 30 वर्षीय अंकित पुत्र मेघा निवासी रसलालपुर की भी मौत हो गई। अंकित दो बहनों का इकलौता भाई था। वहीं, मेजर पुत्र परमजीत निवासी रसलापुर और आतेश पुत्र रविंद्र निवासी संजोली गंभीर घायल हो गए। दोनों को हायर सेंटर रेफर किया गया। पांचवां युवक 22 वर्षीय साबिर पुत्र मांगा निवासी रसलापुर सुरक्षित बच गया। अन्य तीन युवक पानीपत स्थित मित्तल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में कार्यरत बताए गए हैं।

एयरबैग नहीं खुलने की बात, जांच में स्पष्ट होगी वजह
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के दौरान गाड़ी के एयरबैग नहीं खुले। सीट बेल्ट नहीं लगाने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, एयरबैग नहीं खुलने का वास्तविक कारण और सवारों द्वारा सीट बेल्ट पहने जाने की स्थिति तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

चालक की लापरवाही से हुआ हादसा : सीओ
क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार ने बताया कि चालक की लापरवाही के चलते हादसा हुआ है। अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। सूचना पर कोतवाली प्रभारी सतीश कुमार, उपनिरीक्षक दुर्गपाल, कांस्टेबल नीरज वर्मा और चौकी प्रभारी जितेंद्र त्यागी मौके पर पहुंचे। घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया गया, जहां अंकित और संदीप को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।







