---Advertisement---

कैराना के जंगल में तमंचों की फैक्ट्री का भंडाफोड़, 40 बने-अधबने हथियार बरामद

ट्यूबवेल पर चल रहा था अवैध हथियारों के निर्माण का खेल, चुनाव प्रभावित करने की मंशा का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

On: October 19, 2026 4:09 PM
---Advertisement---

कैराना। आगामी चुनावों से पहले कैराना पुलिस ने अवैध हथियारों के निर्माण के बड़े मामले का खुलासा किया है। गांव बरनावी के जंगल में स्थित एक ट्यूबवेल पर चोरी-छिपे संचालित तमंचा फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने 40 बने-अधबने तमंचों की खेप बरामद की है। मौके से कारतूस और हथियार बनाने के उपकरण भी मिले हैं। पुलिस ने फैक्ट्री संचालित करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आगामी चुनावों को प्रभावित करने की मंशा से अवैध हथियार तैयार कर सप्लाई किए जाने की बात सामने आई है। अब पुलिस इन हथियारों के खरीदार और संभावित नेटवर्क की तलाश में जुट गई है।

सोमवार को पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कैराना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव बरनावी के जंगल में स्थित एक ट्यूबवेल पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां अवैध हथियारों का जखीरा और निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद हुए। पुलिस ने मौके से हारून पुत्र मुंशी निवासी गांव बरनावी को गिरफ्तार कर लिया।

21 तैयार तमंचे, 19 अधबने हथियार मिले

पुलिस के मुताबिक, फैक्ट्री से 21 तैयार और 19 अधबने तमंचे बरामद किए गए। इनमें 315 बोर और 12 बोर के हथियार शामिल हैं। इसके अलावा नौ जिंदा कारतूस, विभिन्न बोर की नाल, अधबनी बट-बॉडी, ट्रिगर, स्प्रिंग और अन्य पुर्जे मिले हैं। पुलिस ने मौके से ग्राइंडर, ड्रिल मशीन, वेल्डिंग मशीन, आरी, रेती, हथौड़ा और अन्य उपकरण भी कब्जे में लिए हैं।

चुनाव प्रभावित करने की मंशा का खुलासा

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में आगामी चुनावों को प्रभावित करने के उद्देश्य से अवैध तमंचे तैयार कर सप्लाई किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, हथियार किन लोगों को बेचे गए और उनकी आपूर्ति कहां-कहां होनी थी, इसकी जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि हथियार खरीदने वाले व्यक्ति की तलाश की जा रही है।

गैंगस्टर समेत चार मुकदमे दर्ज

पुलिस द्वारा जारी आपराधिक इतिहास के अनुसार, गिरफ्तार हारून के विरुद्ध कैराना कोतवाली में वर्ष 2015 में आर्म्स एक्ट, वर्ष 2017 में जानलेवा हमले और वर्ष 2021 में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हुए थे। वर्तमान कार्रवाई में आर्म्स एक्ट के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

पुलिस टीम की कार्रवाई से हुआ खुलासा

अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ करने वाली टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार, उपनिरीक्षक गौरव चौहान, यूनुस खान, हेड कांस्टेबल ज्योति प्रकाश, शहजाद, ललित शर्मा, अंकुर मलिक तथा कांस्टेबल विपिन कुमार, शशि मलिक और राहुल शामिल रहे। कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी कैराना के पर्यवेक्षण में की गई।

Sudhir Chaudhary

निर्भीक दृष्टि, निष्पक्ष विचार, सच की बुलंद आवाज़। संकल्प - जनहित सर्वोपरि, अन्याय से संघर्ष। ‘सत्यमेव जयते’ - सत्य का साहस, सम्मान का संकल्प, अस्तित्व की जंग।

error: Content is protected !!