---Advertisement---

छत तोड़कर सराफा दुकान में चोरी का खुलासा, 37.50 किलो आभूषण बरामद

कई दिनों की रेकी के बाद दिया था वारदात को अंजाम, पेड़ के सहारे छत पर चढ़े और सब्बल से तोड़कर दुकान में घुसे

On: October 19, 2026 5:16 PM
---Advertisement---

HIGHLIGHTS

- उमा ज्वैलर्स में सनसनीखेज चोरी का पर्दाफाश, दो बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा में

- चोरी के बाद नाले के किनारे मिट्टी में दबा दिए थे आभूषण, बेचने जाते समय पकड़े गए

- कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई से खुला राज

- एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 50 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की

शामली। शहर के नाला पटरी स्थित उमा ज्वैलर्स की दुकान की छत तोड़कर हुई सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने छह दिन बाद खुलासा कर दिया। कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल दो बाल अपचारियों को अभिरक्षा में लिया है। उनके कब्जे से चोरी किए गए 37 किलो 500 ग्राम सफेद धातु के आभूषण बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, कई दिनों तक रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया गया था। चोरी के बाद आभूषण नाले के पास मिट्टी में दबाकर छिपा दिए गए थे। सोमवार को उन्हें निकालकर बेचने जाते समय दोनों पुलिस के हत्थे चढ़ गए। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 50 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

शहर के मोहल्ला गुजरातियान निवासी दीपक वर्मा पुत्र स्वर्गीय राजकुमार वर्मा की नाला पटरी पर उमा ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। गत 13-14 अक्टूबर की रात अज्ञात चोर दुकान की छत तोड़कर अंदर घुस गए थे तथा सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे। घटना के संबंध में दुकान स्वामी की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने पुलिस की विभिन्न टीमों को खुलासे के निर्देश दिए थे।

पेड़ के सहारे छत पर चढ़े, सब्बल से तोड़ी छत

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि वारदात से पहले दोनों किशोरों ने कई दिनों तक बाजार में घूमकर दुकानों की रेकी की थी। इसके बाद उमा ज्वैलर्स को निशाना बनाने की योजना बनाई। घटना वाली रात दोनों नाले के रास्ते दुकान के पीछे पहुंचे। वहां पेड़ के सहारे छत पर चढ़े और लोहे के सब्बल से छत तोड़कर दुकान में प्रवेश कर गए। इसके बाद आभूषण चोरी कर फरार हो गए।

नाले किनारे मिट्टी में छिपाया था चोरी का माल

पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद सुबह होने और पकड़े जाने के डर से दोनों ने चोरी के आभूषण नाले के पास मिट्टी में दबा दिए थे। सोमवार को दोनों आभूषण निकालकर बेचने जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस टीम ने सती माता मंदिर से आगे जिला अस्पताल जाने वाले कच्चे रास्ते पर दोनों को अभिरक्षा में ले लिया। उनके कब्जे से 37.50 किलोग्राम सफेद धातु के आभूषण बरामद किए गए।

दोनों के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस द्वारा जारी विवरण के अनुसार, दोनों बाल अपचारियों के विरुद्ध आदर्श मंडी थाने में चोरी से संबंधित दो-दो मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वर्तमान चोरी की घटना का मुकदमा कोतवाली शामली में दर्ज है। पुलिस बरामद माल के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।

21 पुलिसकर्मियों की टीम ने किया खुलासा

घटना का खुलासा करने वाली संयुक्त टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार, एसओजी प्रभारी राहुल सिसोदिया, सर्विलांस प्रभारी कर्मवीर सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नीरज कुमार, उपनिरीक्षक शैलेंद्र पूनिया और शरदकांत सहित कोतवाली, एसओजी एवं सर्विलांस के कुल 21 पुलिसकर्मी शामिल रहे। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए 50 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की।

Sudhir Chaudhary

निर्भीक दृष्टि, निष्पक्ष विचार, सच की बुलंद आवाज़। संकल्प - जनहित सर्वोपरि, अन्याय से संघर्ष। ‘सत्यमेव जयते’ - सत्य का साहस, सम्मान का संकल्प, अस्तित्व की जंग।

error: Content is protected !!