कैराना। शारदीय नवरात्र की दुर्गा अष्टमी पर रविवार को ऐतिहासिक सिद्धपीठ माता बाला सुंदरी देवी मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। माता रानी का दरबार छप्पन प्रकार के व्यंजनों के भोग से सजा तो भजनों की मधुर धुन पर महिलाओं ने डांडिया नृत्य कर उत्सव में चार चांद लगा दिए। माता के जयकारों से समूचा मंदिर परिसर गुंजायमान रहा। धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।
रविवार को दुर्गा सेवा समिति कैराना के तत्वावधान में देवी मंदिर परिसर में दुर्गा अष्टमी महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। शाम साढ़े छह बजे माता बाला सुंदरी की महाआरती हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस अवसर पर माता रानी को छप्पन प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की गई। श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

भक्ति के रंग में रंगा देवी मंदिर परिसर
महाआरती के उपरांत आयोजित डांडिया महोत्सव में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। माता के भजनों और भक्तिमय गीतों की मधुर धुन पर महिलाओं ने डांडिया खेलकर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। भक्ति और उल्लास से सराबोर वातावरण में श्रद्धालु भी उत्साहित नजर आए। देर रात तक चले धार्मिक आयोजन में माता के जयकारे गूंजते रहे। रात्रि साढ़े दस बजे कार्यक्रम का समापन हुआ।
हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी, सुरक्षा में मुस्तैद रही पुलिस
दुर्गा अष्टमी महोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार के निर्देश पर मंदिर परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रहा। आयोजन को सफल बनाने में दुर्गा सेवा समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं नगरवासियों ने विशेष सहयोग किया। इस अवसर पर दीपक कुच्छल उर्फ बबलू, समिति अध्यक्ष प्रदीप गोयल, प्रदीप, अमित गर्ग सहित समिति के समस्त सदस्यगण मौजूद रहे।







