कैराना। सड़कों पर पटाखे जैसी तेज आवाज निकालकर लोगों की परेशानी बढ़ाने वाले बाइक चालकों पर कैराना पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। दो दिन तक चले विशेष अभियान में पुलिस ने तीन बुलेट समेत पांच मोटरसाइकिलों के विरुद्ध कार्रवाई की है। इनमें बिना नंबर प्लेट की एक बुलेट भी शामिल है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस अधीक्षक शामली एनपी सिंह के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी कैराना के पर्यवेक्षण में 16 और 17 अक्टूबर को विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान कोतवाली पुलिस ने सड़कों पर पटाखे जैसी तेज आवाज निकालने वाली मोटरसाइकिलों को चिह्नित किया। जांच के दौरान पांच मोटरसाइकिलों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई की जद में आई मोटरसाइकिलों में एक बजाज सीटी-100, एक हीरो स्प्लेंडर प्लस और तीन रॉयल एनफील्ड बुलेट शामिल हैं। इनमें एक बुलेट पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। पुलिस ने संबंधित वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित मानकों के विपरीत साइलेंसर का इस्तेमाल नहीं करने की चेतावनी दी।
तेज धमाकों से राहगीर परेशान, पुलिस ने दी चेतावनी
पुलिस का कहना है कि कुछ बाइक चालक मोटरसाइकिलों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगवाकर जानबूझकर पटाखे जैसी तेज आवाज निकालते हैं। इससे सड़क पर चलने वाले राहगीरों के साथ ही बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों को परेशानी होती है। अचानक होने वाले तेज धमाकों से लोगों के चौंकने और सड़क हादसों का खतरा भी बना रहता है। ऐसे साइलेंसर ध्वनि प्रदूषण बढ़ाने का कारण भी बनते हैं।
पुलिस ने वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे मोटरसाइकिलों में निर्धारित मानकों के अनुरूप ही साइलेंसर लगवाएं और किसी भी प्रकार का अनधिकृत बदलाव न कराएं। पुलिस ने चेताया कि तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा।






