शामली। क्षेत्र के गांव कुड़ाना में बुधवार को दो भाइयों के बीच हुए घरेलू विवाद ने उस समय उग्र रूप ले लिया, जब समझौता कराने पहुंची डायल-112 पुलिस टीम पर एक व्यक्ति ने मकान की छत से पथराव शुरू कर दिया। पत्थरबाजी में पुलिस वाहन का शीशा टूट गया, जबकि चालक घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया तो वह पलकट्टी लेकर गन्ने के खेत में जा छिपा। घटना के बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को गांव कुड़ाना निवासी दो भाइयों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि एक भाई ने दूसरे के मकान में घुसकर तोड़फोड़ की और घरेलू सामान बाहर फेंक दिया। विवाद बढ़ने पर परिजनों ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों भाइयों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया।
मकान की छत से पुलिस पर बरसाए पत्थर
आरोप है कि पुलिस के समझाने के दौरान एक व्यक्ति मकान की छत पर चढ़ गया और वहां से राहगीरों व पुलिसकर्मियों पर पत्थर फेंकने लगा। अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरातफरी मच गई। पत्थर लगने से डायल-112 की गाड़ी का शीशा टूट गया, जबकि वाहन चालक भी घायल हो गया।
पलकट्टी लेकर गन्ने के खेत में छिपा आरोपी
घटना की सूचना पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह पलकट्टी लेकर पास के गन्ने के खेत में जा घुसा। बताया जा रहा है कि आरोपी मानसिक रूप से कमजोर है, हालांकि इसकी चिकित्सकीय पुष्टि सामने नहीं आई है।
पुलिस ने घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। गन्ने के खेत में छिपे आरोपी को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।






