शामली। शहर की होली चाइल्ड स्पोर्ट्स अकादमी में आयोजित दो दिवसीय नेशनल इंटर डिस्ट्रिक्ट जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप का समापन हो गया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन अंडर-14 और अंडर-16 आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं के ट्रायल में हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। 80 मीटर बाधा दौड़ में भानु बालियान और पल्लवी चौधरी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि गोला फेंक में आरव और अक्षरा ने बाजी मारी। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव जबर सिंह खैवाल ने बताया कि दो दिवसीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दूसरे दिन होली चाइल्ड स्पोर्ट्स अकादमी शामली में अंडर-14 और अंडर-16 आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के ट्रायल आयोजित किए गए। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
अंडर-16 वर्ग की 80 मीटर बाधा दौड़ में बालक वर्ग से भानु बालियान ने प्रथम, कुश जवाला ने द्वितीय और देव मलिक ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं, बालिका वर्ग में पल्लवी चौधरी प्रथम, भावी द्वितीय और हिमाद्री चिकारा तृतीय स्थान पर रहीं।
गोला फेंक प्रतियोगिता के बालक वर्ग में आरव ने प्रथम, वंश राणा ने द्वितीय और अभि ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में अक्षरा ने पहला, आराध्या ने दूसरा और लवि ने तीसरा स्थान हासिल किया।
इसके अलावा अंडर-14 ए ग्रुप में प्रिया शर्मा ने प्रथम, तेजस्वी ने द्वितीय और सानवी ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
प्रतियोगिता के समापन पर होली चाइल्ड इंटर कॉलेज लपराना के प्रधानाचार्य कुलदीप तोमर और आजाद चौधरी ने विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर प्रेम सिंह, अनिल कुमार, दिलीप कुमार, प्रतीक त्यागी, सौरभ, शशि, मनीष निगम, सनी चौधरी, विजय तोमर और शुभम तरार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।






