कांधला। जनपद में अपराधों की रोकथाम और संदिग्ध व्यक्तियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान कांधला पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह के निर्देश पर जनपद में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी कैराना के नेतृत्व में कांधला थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान तोहीद पुत्र जुल्फिकार निवासी सन्नो वाली गली, कस्बा एवं थाना कांधला के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में कांधला थाने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अमरदीप, हेड कांस्टेबल तनुज और कांस्टेबल अर्जुन शामिल रहे।


