शामली। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आदर्श मंडी थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से देशी शराब के 16 अवैध पव्वे बरामद किए हैं। पकड़ा गया आरोपी शामली शहर के बरखंडी मोहल्ले का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
सोमवार को पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान चलाया गया। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में आदर्श मंडी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान काला उर्फ सुनील पुत्र सूरज निवासी मोहल्ला बरखंडी, थाना कोतवाली शामली के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से देशी शराब के 16 अवैध पव्वे बरामद हुए। पुलिस ने शराब को कब्जे में लेकर आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में आदर्श मंडी थाने के उपनिरीक्षक लोकेश कुमार और हेड कांस्टेबल नितिन कुमार शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, अवैध शराब से जुड़े अपराधों की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है।






