ऊन। चौसाना क्षेत्र के गांव श्यामली-श्यामला में माता शाकंभरी मेले की तैयारियों के दौरान एक युवक दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। मेले में जलेबी की दुकान लगाने के लिए घर पर लकड़ियां चीरते समय इंजन से चलने वाली मशीन अचानक फिसलकर युवक के पैरों पर जा गिरी। मशीन की चपेट में आने से उसके दोनों पैरों पर कई जगह गहरे घाव हो गए। हादसे के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए शामली के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, गांव श्यामली-श्यामला निवासी राहुल जलेबी बनाने और बेचने का काम करता है। आगामी 25 तारीख को गढ़ीहसनपुर में माता शाकंभरी का मेला आयोजित होना है। मेले में जलेबी की दुकान लगाने के लिए राहुल तैयारियों में जुटा हुआ था। जलेबी बनाने के लिए ईंधन की व्यवस्था के तहत वह घर में रखी लकड़ियों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट रहा था।
बताया गया कि लकड़ियां चीरने के लिए राहुल इंजन से चलने वाली मशीन का इस्तेमाल कर रहा था। इसी दौरान अचानक मशीन लकड़ी से फिसलकर सीधे उसके पैरों पर जा गिरी। मशीन की चपेट में आने से उसके पैरों में कई स्थानों पर गंभीर चोटें आईं। हादसा होते ही राहुल की चीख निकल गई और घर में अफरा-तफरी मच गई।
चीख-पुकार सुनकर पहुंचे परिजनों ने तुरंत मशीन बंद की और घायल राहुल को संभाला। उसके पैरों पर गंभीर घाव देखकर परिजन घबरा गए। इसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए शामली के अस्पताल ले जाया गया, जहां भर्ती कर उसका उपचार किया जा रहा है। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

