थानाभवन। मेरठ-सहारनपुर खंड स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव के तहत शुक्रवार को नगर के किसान इंटर कॉलेज में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। चुनाव के दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश राणा के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारी और समर्थक सक्रिय रहे। वहीं, समाजवादी पार्टी के नेताओं ने भी अपने प्रत्याशियों के समर्थन में मोर्चा संभाले रखा। सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक चली मतदान प्रक्रिया में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 71.88 प्रतिशत तथा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 59.43 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान केंद्र पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
शुक्रवार को किसान इंटर कॉलेज में निर्धारित समय पर मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 1198 मतदाताओं में से 712 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 192 मतदाताओं में से 138 ने वोट डाले। इस प्रकार दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के पांच बूथों पर कुल 850 मतदाताओं ने मतदान किया।

स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के बूथ संख्या 129 पर 299 में से 170, बूथ संख्या 130 पर 295 में से 182, बूथ संख्या 131 पर 306 में से 206 तथा बूथ संख्या 132 पर 298 में से 154 मतदाताओं ने वोट डाले। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के बूथ संख्या 32 पर कुल 192 में से 138 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
एमएलसी चुनाव को लेकर भाजपा खेमे में पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा की सक्रियता प्रमुख रही। उनके नेतृत्व में भाजपा नेता एवं पदाधिकारी चुनावी गतिविधियों पर नजर बनाए रहे। इस दौरान राजेंद्र चौधरी मादलपुर, कार्यालय प्रभारी मैनपाल सैनी, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि दीपक कोरी, जयपाल प्रधान, सोहनवीर प्रधान, आनंद पुंडीर, राकेश राणा तथा गन्ना समिति चेयरमैन राजेश कुमार राणा सहित बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक मौजूद रहे।

वहीं, समाजवादी पार्टी की ओर से कार्यालय प्रभारी भूपेंद्र सिंह सैनी, पूर्व मंत्री एवं एमएलसी किरणपाल कश्यप, प्रोफेसर सुधीर चौधरी, वरिष्ठ नेता शेर सिंह राणा, मुकेश सैनी, वतन सैनी, राहुल सैनी, अशोक चौधरी, टीनू बाबरी, चेयरमैन जाहिर मलिक, गौरव कश्यप, रविंद्र जोगी और विनीत रोड सहित अन्य समर्थक सक्रिय रहे।
मेरठ-सहारनपुर खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के दिनेश गोयल और सपा के प्रमेंद्र सिंह भाटी चुनाव मैदान में हैं। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के श्रीचंद शर्मा तथा सपा के डॉ. नितिन कुमार तोमर प्रत्याशी हैं।
मतदान को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट और मतदान अधिकारी तैनात रहे। सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने किसान इंटर कॉलेज पहुंचकर मतदान व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी थाना प्रभारी निरीक्षक बिजेंद्र सिंह रावत ने संभाली। उनके नेतृत्व में इंस्पेक्टर क्राइम प्रमोद कुमार, इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार और उपनिरीक्षक इंदर सेन सहित भारी पुलिस बल मतदान केंद्र पर तैनात रहा। शाम चार बजे निर्धारित समय पर मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई।




