कांधला। अखिल भारतीय गुर्जर महासभा ने संगठन में युवा नेतृत्व को जिम्मेदारी सौंपते हुए मनीष चौहान को युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोनीत किया है। इस घोषणा के बाद संगठन में युवाओं की भूमिका और सामाजिक एकजुटता को लेकर नई पहल की उम्मीद जताई जा रही है।
महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी कांधला थाना क्षेत्र स्थित जसाला गांव पहुंचे। यहां उन्होंने समाज के लोगों से मुलाकात कर संगठन की मजबूती, युवाओं की भागीदारी और राजनीतिकप्रतिनिधित्व जैसे मुद्दों पर चर्चा की। जसाला गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मनीष चौहान को अखिल भारतीय गुर्जर महासभा का युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा की गई। नई जिम्मेदारी मिलने पर मनीष चौहान ने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों का आभार जताया। मनीष चौहान ने कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगे। उनका प्रयास रहेगा कि समाज के अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ा जाए और शिक्षा, सामाजिक जागरूकता तथा समाज के उत्थान से जुड़े मुद्दों पर काम किया जाए। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। वह समाज के लोगों के साथ मिलकर संगठन को मजबूत बनाने और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने का प्रयास करेंगे। जसाला गांव में राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन के दौरान सामाजिक एकजुटता, संगठन के विस्तार और युवा नेतृत्व को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
