-सीडीओ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में व्यापार बंधु समिति की बैठक का आयोजन
शामली। मुख्य विकास अधिकारी शामली बृजेन्द्र शुक्ल की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला व्यापार बन्धु समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापार बन्धुओं द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं एवं मांगों को मुख्य विकास अधिकारी के समक्ष रखा गया।
बैठक में व्यापार बन्धुओं की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। बैठक के दौरान व्यापार बन्धुओं द्वारा जनपद में रोडवेज डिपो एवं आधुनिक बस अड्डा स्थापित किए जाने का मुद्दा उठाया गया। बैठक में एआरएम रोडवेज से जानकारी प्राप्त करने पर बताया गया कि अभी भूमि चिन्हित नहीं हुई है व्यापार बन्धुओं से मिलकर भूमि चिन्हित की कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी क्रम में व्यापार बन्धुओं द्वारा शामली शुगर मिल से उत्सर्जित छाई के उचित निस्तारण का विषय उठाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने प्रदूषण नियंत्रण विभाग के अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए प्रदूषण विभाग के अधिकारियों द्वारा बताया गया कि कार्यवाही की जा रही है। वहीं कांधला स्थित पुराने पालिका भवन परिसर में पालिका बाजार विकसित किए जाने की मांग पर अधिशासी अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। बैठक में व्यापार बन्धुओं द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित अन्य समस्याएं भी मुख्य विकास अधिकारी के समक्ष रखी गईं। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को व्यापारियों द्वारा उठाए गए प्रकरणों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में डॉ. लोमेश, उपायुक्त राज्य कर, संबंधित विभागों के अधिकारीगण एवं व्यापार बन्धु उपस्थित रहें।






