- एडीएम की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन, किसानों को सुविधा मुहैया कराने के निर्देश
शामली। कलेक्ट्रेट में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) जिला खरीद अधिकारी, शामली, सोहन लाल की अध्यक्षता में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में न्यूनतम समर्थन मूल्य योजनान्तर्गत धान क्रय से संबंधित केंद्र प्रभारियो की कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) जिला खरीद अधिकारी, शामली, जिला खाद्य विपणन अधिकारी शामली, जिला प्रबन्धक, मण्डी सचिव, शामली, वरिष्ठ बाट माप निरीक्षक, शामली व समस्त धान क्रय केन्द्र प्रभारी शामिल रहे। बैठक में जिला खाद्य विपणन अधिकारी, विजय सिंह के द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में 12 अक्टुबर 2026 से खाद्य विभाग के कुल 2 क्रय केंद्रों के माध्यम से मोटे धान की खरीद की जा रही है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि इस वर्ष धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपए घोषित किया गया है। फार्मर आईडी के माध्यम से किसानो से खरीद की जायेगी। कार्यशाला में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) जिला खऱीद अधिकारी, शामली द्वारा निर्देश दिये गए कि समस्त केन्द्र प्रभारी व जिला प्रबन्धक अपने क्रय केन्द्रों पर समस्त आवश्यक उपकरण व व्यवस्था पूर्ण रखें।यदि किसी केन्द्र पर कोई उपकरण खराब स्थिति में है तो केन्द्र प्रभारी द्वारा अपनी एजेन्सी के जिला प्रबन्धक व सम्बन्धित मण्डी सचिव से सम्पर्क कर उसे तत्काल ठीक करवा लिया जाये। बैठक में अपर जिलाधिकारी जिला खरीद अधिकारी द्वारा समस्त संबंधित को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक क्रय केन्द्र पर समस्त आवश्यक उपकरण, किसानों की सुख-सुविधा की व्यवस्था व बोरो की उपलब्धता का विशेष ध्यान रखा जाए।






