कैराना। मिशन शक्ति अभियान के तहत मंगलवार को ऊंचागांव में जागरूकता बैठक आयोजित की गई। इसमें महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी हेल्पलाइन नंबरों, साइबर अपराध से बचाव और सरकार की महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
बैठक में महिला उपनिरीक्षक ललिता गौतम, मुख्य आरक्षी आशा देवी और मुख्य आरक्षी प्रेमलता ने महिलाओं को हेल्पलाइन नंबर 1090, 1098, 112, 1076, 102, 108 और 181 के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति या परेशानी में संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की मदद ली जा सकती है। साइबर अपराध की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी देते हुए ऑनलाइन ठगी के प्रति सतर्क रहने की अपील की गई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट सखी, रानी लक्ष्मीबाई बाल एवं महिला सम्मान कोष और राष्ट्रीय पोषण मिशन सहित विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। महिला हेल्प डेस्क के माध्यम से मिलने वाली सहायता की जानकारी भी दी गई।बैठक का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा के उपायों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान लक्ष्मी, बबीता, कविता और रामकली सहित अन्य महिलाएं मौजूद रहीं।






