शामली। बाबरी क्षेत्र के गांव हिरनवाडा में तालाब में डूबने से एक युवती की मौत हो गयी। युवती की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। बाद में परिजन शव को अपने साथ ले गए। परिजनों के अनुसार युवती मानसिक रूप से परेशान थी और पहले भी जान देने की कोशिश कर चुकी थी।
जानकारी के अनुसार बाबरी क्षेत्र के गांव हिरनवाड़ा गांव निवासी बृजपाल मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बुधवार की सुबह उनकी 20 वर्षीय बेटी रीतू ने गांव के ही तालाब में छलांग लगा दी, वहां से गुजर रहे कुछ लोगों ने तुरंत रीतू के परिजन को मामले की जानकारी दी जिसके बाद परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे तथा बाबरी पुलिस को भी घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में युवती को तालाब से किसी तरह बाहर निकाला तथा उसे उपचार के लिए थानाभवन चिकित्सालय भिजवाया जहां चिकित्सकों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। युवती की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया जाता है कि ब्रजपाल के छह बच्चे हैं जिनमें रीतू पांचवें नंबर की थी। परिजनोें के अनुसार रीतू काफी समय से मानसिक रूप से परेशान चल रही थी ओैर उसने पहले भी ऐसा कदम उठाया था लेकिन किसी तरह उसकी जान बच गयी थी। बाद में परिजन शव को अपने साथ गांव ले गए। वहीं पुलिस ने बताया कि इस संबंध में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है, अगर शिकायत मिलती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल रीतू की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है वहीं गांव में भी शोक छाया है।
